नीमच। मेरे अनपढ़ पिता के साथ विनोद मेघवाल ने धोखाधड़ी करके हमारी कृषि भूमि को बेच दिया। षडयंत्र पूर्वक अंगूठा लगवा कर विनोद मूल दस्तावेज ले गया। इस धोखाधड़ी में विनोद मेघवाल के साथ पटवारी शकील कुरेशी और ग्राम पटेल लक्ष्मी नारायण भी शामिल है। यह बात आज नीमच के कलेक्टर कार्यालय पर आयोजित जनसुनवाई में जिले के गांव चैनपुरा निवासी रामनिवास पिता रोड़ी लाल मेघवाल ने एक आवेदन देकर कही।
रामनिवास ने बताया कि मेरे 71 वर्षीय अशिक्षित व बीमार पिता रोड़ीलाल मेघवाल से हमारे पड़ोसी विनोद मेघवाल ने आधार अपडेट और ई-केवायसी के नाम पर अंगूठा लगवाकर कृषि संबंधी मूल दस्तावेज धोखे से प्राप्त कर लिए। बाद में पता चला कि विनोद मेघवाल ने पटवारी शकील कुरैशी और ग्राम पटेल लक्ष्मीनारायण धनगर की मिलीभगत से हमारी पुश्तैनी कृषि भूमि खसरा क्रमांक 278/2/1(एस) जो कि रकबा 0.18 हेक्टेयर है। उसे विक्रम सिंह सारंगदेवोत उदयपुर, राजस्थान को 3,94,000/- में दिनांक 29.01.2025 को ई-पंजीयन के माध्यम से बेच दिया। न हमें इसकी जानकारी थी, न हमने कोई सहमति दी, न राशि प्राप्त की। यह पूर्णतः धोखाधड़ी है। पीड़ित परिवार ने मांग की है कि आरोपीगणों पर कानूनी कार्रवाई कर भूमि वापस दिलाई जाए।