भगवानपुरा। शासकीय महाविद्यालय भगवानपुरा में राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई के अंतर्गत नागरिक सुरक्षा सदस्यता कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी की अध्यक्षता एवं रासेयो कार्यक्रम अधिकारी डॉ. सेवक चौहान के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी ने पहलगांव की दुखद घटना का उल्लेख करते हुए कहा कि जब देश आपदा में होता है, तब सरकारी तंत्र के साथ-साथ प्रत्येक नागरिकों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। पहलगांव जैसी घटनाओं पर हर नागरिक को संकट से निपटने हेतु तैयार रहना चाहिए। राष्ट्र की सुरक्षा हम सबकी नैतिक ज़िम्मेदारी है। कार्यशाला में विद्यार्थियों को नागरिक सुरक्षा की भूमिका, आपात स्थितियों में नागरिक योगदान एवं सामाजिक दायित्व की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं में सलमा बड़ोले, शीतल जाधव, प्रदीप डावर, तुलसीराम बड़ोंले सहित अनेक विद्यार्थियों ने नागरिक सुरक्षा सदस्यता फार्म भरकर सक्रिय भागीदारी निभाई। कार्यशाला में नागरिक सुरक्षा सदस्य बनने के लिए प्रारूपीय आवेदन पत्र के माध्यम से विद्यार्थियों से व्यक्तिगत, शैक्षणिक, तकनीकी, वाहन, रक्तदान, पहचान-पत्र व आपातकालीन जानकारी ली गई। राष्ट्रीय सेवा योजना के स्वयंसेवक आपातकालीन सेवाओं में सहयोग कर सकें। कार्यशाला का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र प्रेम, नागरिकों की सुरक्षा, सेवा, सहयोग एवं प्रथम राष्ट्र भाव जागृत करना था। यह जानकारी मीडिया प्रभारी प्रो सोहन गुर्जर द्वारा दी गई।