भोपाल। स्वास्थ्य विभाग फार्मासिस्ट, नेत्र सहायक, ओटी टेक्नीशियन के पदों पर भर्ती के नियम बदलने जा रहा है। विभाग के मंत्री और डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल ने विभाग के अधिकारियों को नियमों में बदलाव के निर्देश दिए हैं। शुक्ल ने कहा है कि नए नियमों के बनने से पात्र आवेदकों को अवसर मिल सकेंगे और स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर होंगी। उन्होंने नर्सिंग संवर्ग के पदों पर सीधी भर्ती के लिए भी आवश्यक औपचारिकताएं जल्दी पूरी करने को कहा है। साथ ही नियमों में आवश्यक संशोधन कर भर्ती के लिए मांग पत्र ईएसबी (एम्प्लाई सिलेक्शन बोर्ड) को तत्काल भेजने के निर्देश दिए हैं।
मंगलवार को कैबिनेट बैठक के बाद उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने मंत्रालय में स्वास्थ्य विभाग से संबंधित मामलों की समीक्षा की। बैठक में उप मुख्यमंत्री शुक्ल ने स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने, अधोसंरचना विकास एवं रिक्त पदों की शीघ्र पूर्ति के संबंध में निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि-
भुगतान की प्रक्रिया नियमित की जाए, ताकि बजट का समुचित उपयोग हो और विकास कार्यों में गति लाई जा सके। इंफ्रास्ट्रक्चर से जुड़े कार्यों में अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। रीवा एवं इंदौर मेडिकल कॉलेज के उन्नयन का प्रस्ताव कैबिनेट की स्वीकृति के लिए भेजें।
पिछले हफ्ते कहा था, स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार के लिए मैनपावर जल्दी लाना होगा
एक हफ्ते पहले शुक्ल ने बैठक में कहा था कि नियुक्तियों में अनावश्यक विलंब न हो, यह हर स्तर पर तय किया जाए। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए चिकित्सकीय मैनपावर की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य है। इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए। शुक्ल ने नर्सिंग एवं पैरामेडिकल स्टाफ की नियुक्ति प्रक्रिया को समयबद्ध ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि परिणाम घोषित होने के बाद नियुक्ति में तेजी से काम हो और सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी की जाएं। शुक्ल ने कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के लिए चिकित्सकीय मैनपावर की पर्याप्त उपलब्धता अनिवार्य है। इस कार्य को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जाए।