रतलाम। जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत जन अभियान परिषद जावरा जिला रतलाम के तहत नवांकुर संस्था सरसोदा ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति द्वारा ढोढर प्रस्फुटन समिति के माध्यम से शनि मंदिर पर जन जागरूकता चौपाल का आयोजन कर पिंगला नदी गहरीकरण हेतु श्रमदान किया गया। इस दौरान जन अभियान परिषद के जिला समन्वयक रत्नेश विजयवर्गीय ने जल संरक्षण एवं संवर्धन हेतु ग्रामीणजनों को शपथ दिलाई।
कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय कथा प्रवक्ता श्यामदास जी महाराज धामनोद ने अपने उद्बोधन में कहा कि आज मुझे “जल गंगा संवर्धन अभियान“ पर अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिला है। आइए, हम सब मिलकर यह संकल्प लें कि नदी, तालाब, बावड़ियों को शुद्ध रखेंगे और जल संरक्षण के इस पुनीत कार्य में हम अपनी भूमिका निभाएंगे। चाहे वह प्लास्टिक नदियों में न फेंकना हो या पानी की हर बूंद की बचत करना हो।
“गंगा बचेगी, तो देश बचेगा, जल बचेगा, तो जीवन बचेगा।“ जैसा कि हम सभी जानते हैं, नदियां हमारी संस्कृति, आस्था और जीवन की धारा है। परंतु यह भी एक कटु सत्य है कि आज नदियां तालाब और अन्य जल स्रोत प्रदूषण और अति दोहन के कारण संकट में हैं इन्हें बचाने का हमें संकल्प लेना होगा। संभाग समन्वयक शिव प्रसाद मालवीय द्वारा ’जल गंगा संवर्धन अभियान’ का उद्देश्य बताया गया।
इस दौरान नवांकुर संस्था के सचिव नन्द किशोर माली, संस्था के अध्यक्ष बद्री माली, सचिव किशोर माली, ग्राम पंचायत के सरपंच जगदीश माली, तारा खेड़ी समिति के अध्यक्ष मुकेश कुमावत, परामर्शदाता देवी सिंह राठौर, रघुवीर सिंह चन्द्रावत, व्यायामशाला संचालक जितेंद्र राठौड़, राजेश प्रजापत एवं ग्रामीण जन उपस्थित रहे।