मंदसौर। मालवा की मंदसौर पुलिस ने कुल 6 करोड़ 29 लाख 20 हजार रुपए कीमत के नशीले पदार्थ जब्त किए हैं। जिसमें डोडाचूरा, स्मैक/ब्राउन शुगर, अफीम, एमडी, गांजा जैसे सिंथेटिक और प्राकृतिक ड्रग्स शामिल हैं। 63 मामलों में 149 आरोपियों से 10,887 किलो डोडाचूरा बरामद किया, जिसकी कीमत 2 करोड़ 17 लाख रुपए आंकी गई है।
यह बात मंदसौर एसपी अभिषेक आनंद ने शनिवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताई। उन्होंने बताया कि पुलिस अवैध मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ सख्त रवैया अपनाए हुए हैं। 1 सितंबर 2024 से 30 अप्रैल 2025 के दौरान अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ विशेष अभियान के तहत पुलिस ने 104 अलग-अलग मामलों में कार्रवाई करते हुए 295 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
एसपी के अनुसार 13 अलग मामलों में 26 तस्करों से 21.67 किलो अफीम जब्त की गई, जिसकी कीमत 32 लाख 50 हजार रुपए हैं। 6 मामलों में 36 आरोपियों से 2.36 किलो स्मैक और ब्राउन शुगर बरामद किया गया, इसकी कीमत 2 करोड़ 36 लाख रुपए बताई जा रही है।
एक मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी से 140 किलो गांजा पकड़ा, जिसकी कीमत 14 लाख रुपए है। 20 मामलों में 60 आरोपियों से 4.28 किलो एमडीएमए बरामद किया, इसकी कीमत 1 करोड़ 28 लाख रुपए है। एक अन्य मामले में पुलिस ने 74.98 किलो एसेटिक एनहाइड्रेट भी जब्त किया, जिसकी कीमत 38 हजार रुपए बताई गई है।
एसपी अभिषेक आनंद ने बताया कि सभी आरोपियों पर एनडीपीएस एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है, मादक पदार्थ तस्करों के खिलाफ जारी रहेगा। पिछले 1 साल के दौरान वित्तीय अनुसंधान के अंतर्गत 29 केसों को मुंबई सफेमा कोर्ट में 125 करोड़ रुपए की प्रोपर्टी को भेजा है, जिसमें मंदसौर पुलिस के स्टैंड को सही मानते हुए 75 करोड़ रुपए की प्रॉपर्टी को फ्रीज कर दिया है, बाकी के प्रकरण विचारणीय है।