छिंदवाड़ा। जिले के खूबसूरत पर्यटन स्थल तामिया और पातालकोट एक बार फिर साउथ फिल्म इंडस्ट्री के लिए आकर्षण का केंद्र बन गए हैं। मध्यप्रदेश पर्यटन दिवस के मौके पर शनिवार से तामिया में तेलुगू फिल्म श्भार्गवीश् की शूटिंग शुरू हो गई। शूटिंग करीब 25 दिनों तक होगी।
फिल्म की शूटिंग से न केवल छिंदवाड़ा की प्राकृतिक सुंदरता को देश-दुनिया के सामने प्रस्तुत किया जाएगा, बल्कि स्थानीय लोगों को रोजगार के अवसर भी मिलेंगे।
यह प्रोजेक्ट मध्यप्रदेश टूरिज्म बोर्ड और जिला प्रशासन के सहयोग से संचालित हो रहा है। कलेक्टर शीलेंद्र सिंह और जिला पंचायत सीईओ अग्रिम कुमार के मार्गदर्शन में फिल्म यूनिट को सभी आवश्यक अनुमतियां और सुविधाएं सहजता से उपलब्ध कराई जा रही हैं।
भार्गवी का निर्देशन कर रहे हैं साउथ के चर्चित फिल्ममेकर जी. अशोक, जो दुर्गामती, भागमती, कुछ खट्टा हो जाए और चित्रांगदा जैसी फिल्मों के लिए प्रसिद्ध हैं। फिल्म से तेलुगू सिनेमा के वरिष्ठ निर्देशक वाई.एस. श्रीनिवास वर्मा भी जुड़े हुए हैं।
लाइन प्रोड्यूसर उमर गुल खान ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान तामिया, पातालकोट और काजरा जैसे पर्यटन स्थलों की खूबसूरती को प्रमुखता से दिखाया जाएगा। साथ ही इस प्रोजेक्ट में स्थानीय कलाकारों, बढ़ई, केटरर, होटल व्यवसायी और ट्रैवल एजेंसियां भी जुड़ी हैं, जिससे स्थानीय स्तर पर आर्थिक गतिविधियां बढ़ेंगी।
गौरतलब है कि उमर गुल खान पूर्व में भी तामिया में तेलुगू फिल्म तपिंच कोलेरू, वेब सीरीज़ सरपंच साहब और कई म्यूजिक वीडियो की शूटिंग करवा चुके हैं। श्भार्गवीश् की शूटिंग से छिंदवाड़ा को फिल्म पर्यटन और स्थानीय रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान मिलने की उम्मीद है।