नीमच। शहर के ईदगाह क्षेत्र से बंग्ला नंबर 25 के सामने मौजूद हज़रत जलाल शाह वली की दरगाह पर बीती शाम अकीदतमंदों द्वारा चादर पेश की गई। चादर पेश करने से पूर्व जुलूस के रूप में इसे शहर के मुख्य मार्गों से निकाला गया, जिसमें बड़ी संख्या में जायरीन शामिल हुए। जुलूस की शुरुआत ईदगाह क्षेत्र स्थित ज़किर भाई के निवास से हुई। जहां से जायरीन चादर लेकर रवाना हुए। जुलूस शहर के प्रमुख मार्गों से होकर दरगाह तक पहुंचा। रास्ते भर जायरीन ने नात और दरूद पढ़ते हुए चले। दरगाह पहुंचने के बाद मजार शरीफ पर चादर चढ़ाई गई और जायरीनों ने अपने दिल की मुरादें मांगीं। इस मौके पर देश और शहर की तरक्की, अमन-चैन तथा भाईचारे की खास दुआएं की गईं।
जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने बताया कि पिछले आठ वर्षों से यह परंपरा लगातार निभाई जा रही है। हर वर्ष की तरह इस बार भी चादर पेश कर दुआएं मांगी गईं। जायरीनों ने बताया कि यह आयोजन न सिर्फ धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि शहर में सांप्रदायिक सौहार्द और एकता की मिसाल भी पेश करता है।