नीमच। जिले में नशे के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नीमच केंट थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 1 किलो 445 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति अवैध अफीम लेकर शोरूम चौराहे के आसपास आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर आरोपी श्रवण कुमार, निवासी फिरोजपुर (पंजाब), हाल मुकाम ओसियां, जिला जोधपुर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से 1 किलो 445 ग्राम अवैध अफीम बरामद की गई।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक राजेश व्यास के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक हेमलता अग्रवाल, नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी सौरभ शर्मा के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम द्वारा की गई।
पुलिस आरोपी से बरामद अफीम के स्रोत, सप्लाई चेन तथा तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में पूछताछ कर रही है। मामले में विस्तृत अनुसंधान जारी है।