नीमच। भारतीय जनता पार्टी पंडित दीनदयाल मंडल की बैठक रविवार को नीमच सिटी स्थित श्रीनाथ गार्डन में आयोजित हुई। बैठक में संगठन की मजबूती, नीमच विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों तथा आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए विधायक दिलीप सिंह परिहार ने सीएम राइज स्कूल एवं खेल मैदान से जुड़े मुद्दे पर कार्यकर्ताओं के बीच स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि किसी भी विषय पर केवल विरोध के लिए विरोध नहीं होना चाहिए, बल्कि जनहित और तथ्यों को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि भाजपा विकास और जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य करती है तथा जनता से किए गए वादों को धरातल पर उतारने के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा जिला अध्यक्ष वंदना खंडेलवाल ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं तथा क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की जानकारी प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने सोशल मीडिया को संगठन और सरकार की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने का सशक्त माध्यम बताते हुए कार्यकर्ताओं से सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
विधायक परिहार ने कार्यकर्ताओं से आगामी संगठनात्मक कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आग्रह करते हुए कहा कि संगठन की मजबूती ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत है और जनता का विश्वास बनाए रखना हम सभी की प्राथमिकता है।
बैठक में मंडल अध्यक्ष दारा सिंह यादव, किरण शर्मा, धनसिंह कैथवास, योगेश जैन एवं दुर्गेश शर्मा मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन अनिल माली ने किया। इस अवसर पर मंडल के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।