मंदसौर। जिले के दलौदा थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह भदौरिया (40) की मौत हो गई। वे ड्यूटी समाप्त कर कार से घर लौट रहे थे। इसी दौरान थाना परिसर से करीब 300 मीटर दूर एक ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।
हादसे के बाद डायल-112 की टीम उन्हें तत्काल जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार, शरीर पर गंभीर बाहरी चोट के निशान नहीं थे, जबकि प्रारंभिक जांच में अंदरूनी चोटों से मौत की आशंका जताई गई है।
सहकर्मी पुलिसकर्मी यादवेंद्र सिंह सिसोदिया ने बताया कि हादसे से कुछ मिनट पहले तक मुकेश सिंह थाने में मौजूद थे और ड्यूटी पूरी कर घर के लिए निकले थे। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारी और जवान जिला अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने ट्रक और चालक को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रधान आरक्षक मुकेश सिंह भदौरिया मूल रूप से उत्तर प्रदेश के आगरा जिले के निवासी थे। उनका परिवार लंबे समय से मंदसौर में रह रहा है। उनके पिता पुलिस विभाग से हेड कांस्टेबल पद से सेवानिवृत्त हुए थे। परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे, छोटे भाई कमलेश भदौरिया (हेड कांस्टेबल, सिटी कोतवाली मंदसौर) तथा बड़े भाई लोकेश सिंह भदौरिया (टीआई, आजाद नगर थाना, इंदौर) हैं।
उनके आकस्मिक निधन से मंदसौर पुलिस विभाग में शोक की लहर है। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद पार्थिव शरीर परिजनों को सौंपा जाएगा।