नीमच। जिले की मनासा तहसील के ग्राम बालागंज निवासी विवाहिता पूजा की संदिग्ध मौत के मामले में मृतका के भाई देवीलाल पंवार ने पुलिस अधीक्षक को आवेदन सौंपकर मामले की निष्पक्ष एवं गहन जांच की मांग की है। उन्होंने हत्या की आशंका जताते हुए आरोपियों के विरुद्ध हत्या सहित अन्य प्रासंगिक धाराओं में प्रकरण दर्ज कर शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है।
आवेदन के अनुसार 30 जुलाई की सुबह देवीलाल को सूचना मिली कि उनकी बहन ने कथित रूप से जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया है। सूचना मिलने पर जब वे अस्पताल पहुंचे, तब तक उसकी मृत्यु हो चुकी थी। देवीलाल का आरोप है कि शव के गले पर रस्सी जैसे निशान तथा शरीर पर चोट के निशान मिले, जिससे उन्हें संदेह है कि हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया।
प्रार्थी ने आवेदन में यह भी उल्लेख किया है कि विवाह के बाद से पूजा को उसके पति एवं ससुराल पक्ष द्वारा लगातार प्रताड़ित किया जाता था। इस संबंध में पूर्व में मनासा थाने में शिकायत भी दर्ज कराई गई थी। उन्होंने पति सहित चार लोगों के नाम उल्लेखित करते हुए उनके विरुद्ध वैधानिक कार्रवाई की मांग की है।
देवीलाल ने पुलिस से घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच, उपलब्ध सभी साक्ष्यों का वैज्ञानिक परीक्षण तथा निष्पक्ष विवेचना कर दोषियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
उन्होंने बताया कि घटना के तीन दिन बीत जाने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से परिवार न्याय की प्रतीक्षा कर रहा है। प्रार्थी ने पुलिस अधीक्षक से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित करने की मांग की है।