चित्तौड़गढ़। धार एवं रतलाम (मध्यप्रदेश) के टांडा और रत्तागढ़ गांवों से खाटूधाम के लिए निकली श्री श्याम निशान पैदल रथयात्रा का शनिवार को चित्तौड़गढ़ आगमन पर श्री श्याम चाकर परिवार सेवा समिति (पंजीकृत) द्वारा कलेक्ट्रेट चौराहे पर भव्य स्वागत किया गया। इस दौरान आतिशबाजी, पुष्पवर्षा एवं ढोल-नगाड़ों के साथ पदयात्रियों का अभिनंदन किया गया।
समिति अध्यक्ष प्रकाशचंद्र सोनी ने बताया कि लगभग 40 श्याम भक्त गांव टांडा एवं रत्तागढ़ से भगवान श्री खाटूश्याम के दिव्य स्वरूप को सुसज्जित रथ में विराजमान कर तथा श्याम निशान का पूजन कर क्षेत्रवासियों एवं परिवारों की सुख-समृद्धि की कामना के साथ खाटूधाम के लिए रवाना हुए हैं।
चित्तौड़गढ़ पहुंचने पर श्याम भक्तों ने भगवान श्री श्याम के दिव्य स्वरूप की पूजा-अर्चना की तथा सभी पदयात्रियों का उपरना ओढ़ाकर स्वागत किया। इसके बाद भजन-कीर्तन करते हुए सभी श्रद्धालु ऋतुराज वाटिका पहुंचे, जहां भगवान श्री श्याम का आकर्षक श्रृंगार, दिव्य ज्योत प्रज्ज्वलन एवं भव्य ताली संकीर्तन का आयोजन हुआ।
भजन प्रवाहिका उमा शर्मा सहित अन्य भजन गायकों ने मधुर भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को भाव-विभोर कर दिया। इस अवसर पर सभी ने चित्तौड़गढ़ सहित समस्त प्रदेशवासियों के सुख, शांति एवं समृद्धि की कामना की।
पदयात्रियों के रात्रि विश्राम एवं भोजन सहित अन्य व्यवस्थाएं श्री श्याम चाकर परिवार सेवा समिति द्वारा की गईं। समिति ने बताया कि खाटूधाम तक यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सेवा निरंतर जारी रहेगी।
इस अवसर पर समिति के संरक्षक जगदीश सोनी, ओमप्रकाश उपाध्याय (पूर्व डीवाईएसपी), अध्यक्ष प्रकाशचंद्र सोनी, उपाध्यक्ष रमेशचंद्र सोनी, मनोज मेनारिया, सचिव सुरेश बागड़, कैलाश भूतड़ा, दीपक सोनी, भारत सोनी, विशाल सोनी, निमीष गर्ग, हर्षवर्धन सोनी, कृषांग सोनी सहित समिति के पदाधिकारी, महिला प्रकोष्ठ की सदस्याएं एवं बड़ी संख्या में श्याम भक्त उपस्थित रहे।