चित्तौड़गढ़। यूथ मूवमेंट एवं अस्त्र विद्या शूटिंग रेंज के संयुक्त तत्वावधान में होटल कुंभा रिट्रीट, किला रोड पर रविवार को राज्य व अंतरराज्यीय स्तर की ‘शूटिंग चैम्पियनशिप 2K26’ का शुभारंभ हुआ। प्रतियोगिता का उद्घाटन यूथ मूवमेंट के संस्थापक अध्यक्ष शाश्वत सक्सेना ने निशानेबाजी कर किया।
प्रतियोगिता में राजस्थान सहित विभिन्न राज्यों से आए सैकड़ों खिलाड़ियों ने राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शुभारंभ अवसर पर खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए शाश्वत सक्सेना ने कहा कि शूटिंग खेल केवल पदक जीतने का माध्यम नहीं है, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, एकाग्रता, धैर्य और आत्मविश्वास का विकास करता है।
उन्होंने कहा कि बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और पर्याप्त अवसर मिलने पर युवा खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम गौरवान्वित कर सकते हैं। इस अवसर पर गर्ल्स यूनिट की अध्यक्ष स्वाति ने भी खिलाड़ियों, विशेषकर बालिका खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें खेलों में निरंतर आगे बढ़ने का आह्वान किया।
आयोजक एवं मुख्य कोच तुषार श्रीवास्तव तथा सहयोगी पार्टनर गजेंद्र सिंह राणावत ने बताया कि प्रतियोगिता का उद्देश्य युवाओं में निशानेबाजी खेल के प्रति रुचि बढ़ाना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराना है।
प्रतियोगिता में सब-यूथ, यूथ, जूनियर, सीनियर एवं मास्टर सीनियर वर्गों में विभिन्न राइफल एवं पिस्टल स्पर्धाओं का आयोजन किया जा रहा है। आयोजकों ने बताया कि प्रतियोगिता के समापन अवसर पर विभिन्न वर्गों के विजेता खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल एवं प्रशस्ति-पत्र देकर सम्मानित किया जाएगा।