नीमच। सावित्री बाई फुले स्व-सहायता समूह योजना के तहत समुदाय विशेष बाछड़ा समुदाय की उजाला स्व-सहायता समूह सगर ग्राम की पांच महिला सदस्य समूह से जुड़कर सफलतापूर्वक किराना व्यवसाय का संचालन कर रही है। जिला प्रशासन द्वारा कलेक्टर हिमांशु चंद्रा के मार्गदर्शन से संचालित पंख अभियान के तहत सगर ग्राम की इन पांच महिलाओं का समूह बनाया गया और उन्हें स्वरोजगार उपलब्ध कराने के लिए 1.50 लाख रूपये का बैंक ऋण बैंक आफ बड़ोदा से दिलाया गया। इस पर उन्हें पचास हजार रूपये का अनुदान भी मिला। इस राशि से समूह की पांच महिला सदस्यों दीपीका, अनिता, ममता, पूजा एवं ममता- मुकेश ने अपने गांव में किराना व्यवसाय प्रारंभ किया। इससे उन्हें हर माह 20 से 25 हजार रूपये की अतिरिक्त आमदनी होने लगी है। महिलाएं घर बैठे किराना दुकान का संचालन कर काफी खुश है।