नीमच। उज्जैन जोन के अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक एवं पुलिस महानिरीक्षक उमेश जोगा ने 10 जून 2025 को एक दिवसीय नीमच प्रवास के दौरान जिले में कानून-व्यवस्था एवं अपराधों की स्थिति की समीक्षा की। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल ने पुलिस कंट्रोल रूम, नीमच में एडीजीपी का स्वागत किया।
स्वागत उपरांत एडीजीपी जोगा ने कंट्रोल रूम स्थित सभागार में जिले के सभी पुलिस अधिकारियों की बैठक लेकर कानून-व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री एवं पुलिस महानिदेशक द्वारा दिए गए निर्देशों से अधिकारियों को अवगत कराया और उनके अक्षरशः पालन के निर्देश दिए।
बैठक के दौरान जोगा ने आगामी 12 जून से 26 जून 2025 तक चलने वाले ष्नशे के विरुद्ध विशेष अभियानष् के तहत मादक पदार्थों की तस्करी पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही, उज्जैन जोन के समस्त थानों में पिछले पांच वर्षों के भूमि विवाद संबंधी प्रकरणों का राजस्व विभाग के साथ समन्वय कर त्वरित निराकरण कराने हेतु अभियान चलाने पर भी बल दिया।
बैठक में पिछले तीन वर्षों में घटित अपराधों का बारीकी से विश्लेषण किया गया। जोगा ने प्रत्येक थाना प्रभारी को अपराधों की प्रवृत्ति का सूक्ष्म अध्ययन कर तदनुसार कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अपर पुलिस महानिदेशक ने बेसिक पुलिसिंग के महत्व को रेखांकित करते हुए थानों पर आने वाले फरियादियों के साथ शालीन एवं संवेदनशील व्यवहार, जनरल परेड, रोल कॉल, एवं संवेदनशील स्थानों पर सायं से रात्रि तक पुलिस की उपस्थिति बनाए रखने की आवश्यकता पर विशेष जोर दिया।
इस अवसर पर नगर पुलिस अधीक्षक किरण चौहान, उप पुलिस अधीक्षक अजाक यशस्वी शिंदे, उप पुलिस अधीक्षक महिला सुरक्षा निकिता सिंह सहित जिले के सभी थाना प्रभारी, चौकी प्रभारी एवं संबंधित शाखाओं के अधिकारीगण उपस्थित रहे।