नीमच। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर ग्रीन इंडिया मिशन के तहत रामपुरा में स्थापित नगर वन का भव्य लोकार्पण समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मंदसौर-नीमच सांसद सुधीर गुप्ता एवं मनासा विधायक अनिरुद्ध माधव मारू उपस्थित रहे। इनके साथ नगर परिषद अध्यक्ष सीमा जागीरदार, वन मंडलाधिकारी एस.के. अटोदे (भा.व.से.), उप वन मंडल अधिकारी मनासा दशरथ अखंड, एसडीएम मनासा पवन बारिया, जनपद पंचायत सीईओ अरविंद डामोर, थाना प्रभारी रामपुरा दांगी, वन विभाग के समस्त अधिकारी-कर्मचारी, पार्षदगण, सरपंचगण, ग्राम वन समितियों के सदस्य, आमजन एवं स्कूली बच्चे बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। इस मौके पर एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अतिथियों सहित सभी उपस्थितजनों ने पौधारोपण किया। साथ ही योग दिवस पर योग और प्राणायाम का अभ्यास भी किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सांसद सुधीर गुप्ता ने नगर वन के टिकट व्यवस्था का शुभारंभ किया, जबकि विधायक मारू ने नेचर इंटरप्रिटेशन सेंटर का फीता काटकर उद्घाटन किया। वन मंडल अधिकारी अटोदे ने नगर वन की स्थापना, उद्देश्यों और पर्यावरण संरक्षण में इसके महत्व की विस्तार से जानकारी दी।
सांसद गुप्ता ने कहा कि यह नगर वन उनके संसदीय क्षेत्र का पहला नगर वन है, जो योजनाबद्ध ढंग से नागरिकों के लिए प्राकृतिक सौगात के रूप में विकसित किया गया है। उन्होंने आमजन से वनों के संरक्षण में भागीदारी की अपील की। विधायक मारू ने वन विभाग के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि यह नगर वन पर्यावरणीय जागरूकता और हरियाली बढ़ाने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा। अंत में कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन उपवन मंडल अधिकारी दशरथ अखंड ने किया।