भोपाल। कोलार क्षेत्र के अकबरपुर बंजारी में कब्रिस्तान की जमीन पर गोशाला बनाई जा रही है। कब्रिस्तान के केयरटेकर शेख मतीन ने शिकायत करते हुए आरोप लगाया है कि इस जमीन पर वक्फ बोर्ड का रजिस्टर्ड कब्रिस्तान की है, जिस पर कांग्रेस नेता अश्विनी श्रीवास्तव कब्जा कर गोशाला बनाने की तैयारी कर रहे हैं।
केयरटेकर शेख मतीन का कहना है कि 21 जून की शाम को बड़ी संख्या में लोग कब्रिस्तान परिसर में पहुंचे और टेंट लगाना शुरू कर दिया। जानकारी मिलने पर उन्होंने कोलार थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। खास बात ये है कि रविवार सुबह कांग्रेस नेता अश्विनी श्रीवास्तव ने गोशाला का भूमिपूजन हुजूर से बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा से कराया।
शेख मतीन ने अपनी शिकायत में बताया कि यह जमीन जिला खसरा नंबर 112 के तहत आती है, जो वक्फ बोर्ड की संपत्ति के रूप में पंजीकृत है। वक्फ बोर्ड रजिस्ट्रेशन क्रमांक-766 के अनुसार, यह जगह एक मान्यता प्राप्त कब्रिस्तान है और मध्यप्रदेश शासन के गजट नोटिफिकेशन में भी इसका जिक्र है।
शिकायत में केयरटेकर ने कांग्रेस नेताओं अश्विनी श्रीवास्तव और राम यादव पर आरोप लगाया कि उन्होंने मिलकर कब्रिस्तान की जमीन पर अवैध रूप से कब्जा कर गोशाला निर्माण के लिए भूमिपूजन कराया।
भूमिपूजन में पहुंचे बीजेपी विधायक रामेश्वर शर्मा ने कहा- कांग्रेस नेता अश्विनी श्रीवास्तव मेरे पास आए थे और उन्होंने कहा कि उन्हें यह जमीन अलॉट हुई है। वे यहां निरूशुल्क गोशाला बनाना चाहते हैं। उन्होंने बताया कि यह काम पूरी तरह सेवा भाव से प्रेरित है। मुझे लगा कि यह पुण्य का काम है, इसलिए मैं भूमिपूजन में शामिल हुआ। इसमें कोई राजनीतिक उद्देश्य नहीं है।