बैतूल। देहरादून में हाल ही में आयोजित चौथी राष्ट्रीय कराटे चौंपियनशिप में बैतूल के जयकुमार थेपे ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल जीता है। उन्होंने 16 जून को जूनियर कैटेगरी के माइनस 76 किलोग्राम भार वर्ग में यह सफलता हासिल किया। इस बेहतरीन प्रदर्शन के बाद जयकुमार का चयन चीन में होने वाली एशियन कराटे चौंपियनशिप के लिए किया गया है।
एशियन कराटे चौंपियनशिप में करेंगे भारत का प्रतिनिधित्व
यह प्रतियोगिता 2 से 5 सितंबर के बीच आयोजित होगी। जिसमें जयकुमार भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस कैटेगरी में देशभर से 6 बालक और 6 बालिकाओं को चुना गया है।
मध्यप्रदेश की साई खेल अकादमी में ले रहे कराटे का प्रशिक्षण
जयकुमार ने बैतूल के संजीवनी स्कूल से हाईस्कूल की पढ़ाई पूरी की है। फिलहाल वे मध्यप्रदेश की साई खेल अकादमी में कराटे का प्रशिक्षण ले रहे हैं। उनके पिता निर्माण कार्यों में मजदूरी करते हैं और माता एक गृहिणी हैं।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करना सपना
जयकुमार का सपना है कि वे एशियन चौंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीतें और आगे चलकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का नाम रोशन करें। उनकी इस उपलब्धि से पूरे जिले में खुशी का माहौल है। वहीं खेल प्रेमियों को उम्मीद है कि वे एशियन चौंपियनशिप में भी पदक जरूर जीतेंगे।