चित्तौड़गढ़। अखिल भारतीय आईपीएससी (इंडियन पब्लिक स्कूल्स कॉन्फ्रेंस) फुटबॉल टूर्नामेंट (अंडर-14 बालिका वर्ग) का उद्घाटन समारोह सोमवार को सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ में हुआ। उद्घाटन समारोह के मुख्य अतिथि सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ के प्राचार्य कर्नल अनिल देव सिंह जसरोटिया थे। उप प्राचार्य लेफ्टिनेंट कर्नल पारुल श्रीवास्तव एवं प्रशासनिक अधिकारी मेजर सी श्रीकुमार ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
स्कूल के जनसंपर्क अधिकारी बाबू लाल शिवरान ने बताया कि इस टूर्नामेंट में संस्कार वेली स्कूल भोपाल (मध्य प्रदेश) ए मॉडर्न स्कूल बारहखम्भा रोड नई दिल्लीए सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ एवं हैदराबाद पब्लिक स्कूल बेगमपेट (तेलंगाना) सहित कुल चार स्कूलों की टीमें भाग ले रही हैं। उद्घाटन समारोह में भाग लेने वाले स्कूलों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने प्रेरक भाषण से प्रतिभागियों को प्रेरित किया।
सोमवार को हुए उद्घाटन मैचों में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ एवं संस्कार वेली स्कूल भोपाल (मध्य प्रदेश) के मध्य हुए मुकाबले में सैनिक स्कूल चित्तौड़गढ़ ने संस्कार वेली स्कूल भोपाल को 3-0 से हराया। प्रतियोगिता में आईपीएससी आब्जर्वर लोकेश बुनकर एवं रेफरी का कार्य सोहन लाल मेघवाल, राधेश्याम तेली एवं मनोहर सिंह कुमावत कर रहे हैं। स्कूल के सामाजिक विज्ञान के अध्यापक चन्द्र प्रकाश गोयल टूर्नामेंट के संयोजक हैं। टूर्नामेंट 25 जून 2025 तक चलेगा।