उज्जैन। मध्य प्रदेश के उज्जैन में मोहर्रम के जुलूस के दौरान कुछ लोगों ने घोड़ा लेकर बैरिकेड को तोड़कर अन्य रास्ते पर जाने का प्रयास किया इस दौरान पुलिस ने हल्का बल प्रयोग करते हुए उत्पातियों को खदेड़ दिया। घटना का यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। उज्जैन पुलिस ने बेगम बाग के इरफान खान उर्फ लाला सहित 15 लोगों पर एफ आई आर दर्ज की है। घटना में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं।
शनिवार की रात को उज्जैन के गीता कॉलोनी स्टेट इमामबाड़ा से बड़े साहब के साथ मोहर्रम का जुलूस शुरू किया गया जिसके बाद हजारों की संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मोहर्रम का जुलूस लेकर सड़कों पर निकले। मोहर्रम के जुलूस के दौरान एक बार फिर बेगम बाग से निकलने वाले घोड़े को लेकर निकले इरफान खान उर्फ लल्ला और उनके साथीयो के द्वारा बंद रास्ते पर बेरीकेट को तोड़ते हुए घोड़े को विपरीत दिशा में ले जाने का प्रयास किया गया था। इस दौरान बेरीकेट गिरने से दो पुलिस कर्मी भी घायल हो गए। इस दौरान असामाजिक तत्वों को रोकने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा। यह घटना उज्जैन के जीवाजी गंज थाना क्षेत्र की बताई जा रही है।
हालांकि इस घटना के बाद मुस्लिम समुदाय के लोगों ने ही इस बात की निंदा की है और समाज से जवाब भी मांगा है उनका यह कहना है कि जब पुलिस प्रशासन और समाज के लोगों ने समन्वय बिठाकर बात की थी लेकिन कुछ लोगों ने माहौल खराब करने का काम किया और इस तरह की घटना देखने को मिली। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें समाज के ही कुछ लोग अपने समाज के लोगों से जवाब भी मांग रहे है।
जीवाजी गंज थाने में इस मामले को लेकर उज्जैन पुलिस एसपी प्रदीप शर्मा ने बताया कि मोहर्रम के जुलूस की बैठक में सख्त निर्देश दिए गए थे की कोई भी विपरीत रास्ते पर अपने मोहर्रम के जुलूस को लेकर नहीं जाएगा इसके बावजूद इरफान खान और उनके साथियों ने अब्दालपूरा की ओर जाने का प्रयास किया था। इस दौरान दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। आयोजक के खिलाफ नामजद एफ आई आर दर्ज की गई है। अन्य 15 लोगों पर भी प्रकरण दर्ज किया जाएगा।