निवाड़ी। बुंदेलखंड के निवाड़ी जिले में स्थित पीआईएमएल कंपनी में स्थानीय युवाओं की नियुक्ति न करने का मामला सामने आया है। भाजपा युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष संदेश नायक ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को इसे लेकर आवेदन दिया है।
नायक का आरोप है कि कंपनी स्थानीय युवाओं की उपेक्षा कर रही है। कंपनी में बाहरी राज्यों के लोगों को नौकरी दी जा रही है। जिले के बेरोजगार युवाओं को प्राथमिकता देने की मांग पहले भी की गई थी। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई है।
युवा मोर्चा अध्यक्ष ने कहा कि सीएम की इच्छा है कि बुंदेलखंड का कोई युवा रोजगार के लिए पलायन न करें। हालांकि, कंपनी इस उद्देश्य की अनदेखी कर रही है। प्रशासन भी इस मामले में कोई कदम नहीं उठा रहा है।
निवाड़ी के युवा सोशल मीडिया पर अपनी व्यथा बता रहे हैं। उनका कहना है कि जब कंपनी उनके जिले में है, तो उन्हें रोजगार से वंचित क्यों रखा जा रहा है। इस मुद्दे पर युवाओं में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
पीआईएमएल कंपनी के प्रबंधन से जुड़े अभिषेक बघेल से संपर्क का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।