मुरैना। कैलारस बारिश के चलते एक बार फिर कैलारस क्षेत्र की सड़कें जानलेवा साबित हो रही हैं। कैलारस तहसील मुख्यालय से महज़ 3 किलोमीटर दूर स्थित नेपरी गांव के पास छभ् 552 पर सड़क के दोनों ओर 3-4 फीट गहरे गड्ढे बन चुके हैं। यह हाईवे मार्ग रोजाना हजारों छोटे-बड़े वाहनों का दबाव झेलता है, लेकिन राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की घोर लापरवाही सामने आई है।
स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि तेज़ बारिश के बाद सड़क किनारे बने गड्ढे और अधिक खतरनाक हो गए हैं, लेकिन अब तक प्रशासन की ओर से कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। तहसीलदार को मामले की सूचना दिए जाने के बावजूद अभी तक न तो गड्ढों को भरा गया है और न ही किसी तरह की सुरक्षा व्यवस्था की गई है।ग्रामीण अपनी जान जोखिम में डालकर स्वयं मिट्टी व गिट्टी डालते नज़र आते हैं, ताकि दुर्घटनाओं से बचा जा सके। लेकिन यह अस्थायी समाधान कब तक कारगर रहेगा?
रात के समय दृश्यता कम होने के कारण इन गड्ढों में दुर्घटनाएं होना तय है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन और राजमार्ग विभाग से जल्द से जल्द गड्ढों की मरम्मत और पक्के इंतज़ाम की माँग की है। वही यदि समय रहते विभाग ने ध्यान नहीं दिया, तो एक बड़ी दुर्घटना की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता।