मंदसौर। राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम के अंतर्गत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) साबाखेड़ा में मानसिक स्वास्थ्य संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणजन को मानसिक स्वास्थ्य संबंधी जानकारी देना, जागरूकता बढ़ाना तथा उपलब्ध उपचार सुविधाओं से अवगत कराना रहा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह चौहान ने बताया कि यह पहल मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
इस अवसर पर मनोरोग विशेषज्ञ एवं एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. निशांत पटले ने बताया कि जिला चिकित्सालय मंदसौर में मानसिक एवं नशा संबंधित रोगों की जांच, परामर्श और उपचार की निःशुल्क सुविधा उपलब्ध है। मरीजों को यहां निःशुल्क दवाइयां भी दी जाती हैं। साथ ही मानसिक दिव्यांगता की जांच व प्रमाणीकरण की सुविधा भी उपलब्ध है। उन्होंने कहा कि मानसिक रोगों को छुपाने के बजाय इलाज कराना चाहिए क्योंकि इनका उपचार संभव है। अधिक जानकारी व परामर्श हेतु 14416 या 1800-891-4416 पर संपर्क किया जा सकता है।
टेली मानस के परामर्शदाता श्री ऋषिस्वर त्रिवेदी ने टेलीफोन पर उपलब्ध मनोवैज्ञानिक परामर्श सेवाओं के बारे में जानकारी दी।
जिला मीडिया अधिकारी डॉ. एम.एल. कश्यप ने आशा कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया कि वे इस जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाएं ताकि मानसिक स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक ग्रामीणजन उठा सकें।