नीमच/भोपाल। अतिवृष्टि, पीला मोजेक रोग एवं कुछ क्षेत्रों में अल्पवृष्टि से हुई सोयाबीन की भारी क्षति को देखते हुए किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा तथा फसल बीमा का लाभ प्रदान करने की मांग आम आदमी पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता इंजीनियर नवीन कुमार अग्रवाल ने की है। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम पत्र प्रेषित किया है, जिसकी प्रतिलिपि महामहिम राज्यपाल, केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मुख्य सचिव को भी भेजी गई है।
अग्रवाल ने पत्र में उल्लेख किया है कि मालवा एवं नर्मदा घाटी क्षेत्र की प्रमुख फसल सोयाबीन है। इस वर्ष अतिवृष्टि के कारण फसलों में पीला मोजेक रोग फैल गया है और जड़ें गलने से लगभग 80 प्रतिशत तक फसल नष्ट हो चुकी है। वहीं, कुछ जिलों में अल्पवृष्टि से भी उत्पादन प्रभावित हुआ है। पहले से ही बढ़ी हुई लागत और अब प्राकृतिक आपदा के कारण किसान दोहरी मार झेल रहे हैं और जीवन-यापन संकट में है।
उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य है और यहां की अर्थव्यवस्था किसानों पर ही निर्भर है। ऐसे में संकट की इस घड़ी में किसानों को राहत प्रदान करना शासन का दायित्व है।
इसी दृष्टि से इंजीनियर अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि प्रभावित क्षेत्रों का तुरंत सर्वे कराकर किसानों को 50 हजार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा और फसल बीमे का लाभ दिलाया जाए, ताकि वे प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान की भरपाई कर सकें।