चित्तौड़गढ़। चित्तौड़गढ़ जिला पुलिस ने पिछले तीन वर्षों के मुकाबले वर्ष 2025 में माह अगस्त तक 5 हजार से 30 हजार रुपए तक के ईनामी आरोपियों को पकड़ने में तीन साल का रिकॉर्ड कायम करते हुए अगस्त 2025 तक 55 आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। उपलब्धि की इस कड़ी में 25 हजार रुपए से अधिक के चार ईनामी आरोपियों को भी पकड़ा है। पिछले तीन वर्षों में अगस्त तक जिला पुलिस ने 130 ईनामी अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वर्ष 2025 में मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त 42 ईनामी बदमाशो को दबोचा हैं।
जिला पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि जिला पुलिस ने इस साल अब तक बेहतर उपलब्धि हासिल करते हुए करीब 55 ईनामी बदमाशों को दबोचने में सफलता हासिल की है। इनमें 25 हजार रुपए व उससे अधिक के चार ईनामी बदमाश शामिल हैं, जबकि दो बदमाश पर 20 हजार रुपए, एक पर 15 हजार और 9 बदमाशों पर 10 हजार रुपए का भी ईनाम है। गिरफ्तार ईनामी बदमाशो में मुख्य तस्कर 30 हजार रुपये का ईनामी उदयलाल गुर्जर सहित 42 अपराधी मादक पदार्थों की तस्करी से जुड़े हुए थे। ऐसे में दावा किया जा रहा है कि जिले में संगठित अपराध से जुड़े बदमाशों के हौसले पस्त हुए है। गिरफ्तार इनामी राशि की कुल कीमत 4 लाख 21 हजार रुपए है।
साल 2023 में 2 लाख 38 हजार रुपए की राशि के 22 ईनामी बदमाश गिरफ्तार किये, 2024 में 4 लाख 40 हजार रुपये की राशि के 38 ईनामी बदमाश पकड़े और 2025 में 4 लाख 21 हजार रुपये की राशि के 55 ईनामी आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की। इसी वर्ष माह जुलाई-अगस्त में पुलिस ने 10 ईनामी बदमाशों को गिरफ्त में लिया है।
एसपी त्रिपाठी ने बताया कि मुखबिर तंत्र की मजबूती, डीएसटी-डीएसबी और साइबर टीम के सहयोग के साथ पुलिस अधिकारियों की समन्वयता और पुख्ता आसूचनाओं से इनामी अपराधियों को पकड़ने में सफलता मिली।
उन्होंने कहा जिले को अपराधमुक्त करने में लगातार चित्तौड़गढ़ पुलिस काम कर रही है. उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि जिले के ईनामी बदमाशों व वांछित अपराधियों के बारे में किसी भी तरह की कोई गुप्त जानकारी मिलती हो तो पुलिस से साझा करे चित्तौड़गढ़ पुलिस उसपर काम करेगी।