नीमच। जिले की धनेरियाकलां ग्राम पंचायत के अंतर्गत आने वाली द्वारकापुरी कॉलोनी के निवासी मूलभूत सुविधाओं के अभाव में नारकीय जीवन जीने को मजबूर हैं। अपनी समस्याओं से परेशान होकर आज उन्होंने सरपंच राजेश राठौर का घेराव किया और जमकर हंगामा किया। द्वारकापुरी की महिलाएं और अन्य ग्रामीण ग्राम पंचायत कार्यालय के सामने धरने पर बैठ गए और सड़क पर चक्का जाम कर दिया।
उनका आरोप है कि नालियों की सफाई न होने से गंदा पानी घरों में घुस रहा है, जिससे गंदगी और मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि इस वजह से घर-घर में बीमारियां फैल रही हैं, लेकिन जिम्मेदार कोई ध्यान नहीं दे रहे। इसके अलावा, कॉलोनी में सड़कें और स्ट्रीट लाइटें भी नहीं हैं, जिससे अंधेरे और असुरक्षा का माहौल बना रहता है।
निवासियों ने बताया कि उन्होंने अपनी शिकायतें कई बार जनप्रतिनिधियों, सीएम हेल्पलाइन और अधिकारियों तक पहुंचाईं, लेकिन कोई समाधान नहीं हुआ। वहीं सरपंच राजेश राठौर का कहना है कि नालियों के ऊपर रहवासियों द्वारा चबूतरे बना दिए जाने से सफाई का काम नहीं हो पाता। उन्होंने कहा कि अगर लोग इन चबूतरों को हटा दें, तो समस्या का समाधान आसानी से हो जाएगा। उम्मीद है कि जिम्मेदार इस मामले में जल्द से जल्द हस्तक्षेप करेंगे और कॉलोनीवासियों को समस्या से निजात दिलाया जाएगा।