कपासन। सीनियर सेकेंडरी स्कूल, कपासन के खेल मैदान को बचाने, जमीन से जुड़े मामले में कथित भ्रष्टाचार की जांच सहित विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व जिला अध्यक्ष भेरूलाल चौधरी के नेतृत्व में चल रहे अनिश्चितकालीन आमरण अनशन को राजस्थान सरकार के पूर्व राज्यमंत्री सुरेंद्र सिंह जाड़ावत ने अनशन स्थल पर पहुंचकर नैतिक समर्थन दिया। उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली इस मामले को विधानसभा में उठाएंगे।
पूर्व राज्यमंत्री जाड़ावत ने कहा कि खेल मैदान की जमीन को कथित रूप से खुर्द-बुर्द करने के मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पूरे प्रकरण का संज्ञान लेकर जांच कराने तथा दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने कहा कि जिला कलेक्टर को मामले में स्वयं संज्ञान लेकर अनशनकारियों की मांगों पर उचित कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने बताया कि आगामी 16 अगस्त को निम्बाहेड़ा में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के प्रस्तावित दौरे के दौरान प्रतिनिधिमंडल की मुख्यमंत्री से मुलाकात कराने के लिए जिला कलेक्टर से आग्रह किया जाएगा, ताकि खेल मैदान से संबंधित समस्या मुख्यमंत्री के समक्ष रखी जा सके।
आमरण अनशन में पूर्व जिला अध्यक्ष भेरूलाल चौधरी, अनिल मोची, भेरू बारेगामा, राजीव सोनी, प्रकाश जाट, मुकेश जाट एवं सत्यनारायण माली शामिल हैं। अनशन स्थल पर चिकित्सक द्वारा अनशनकारियों के स्वास्थ्य का परीक्षण भी किया गया।
इस अवसर पर चित्तौड़गढ़ से ब्लॉक अध्यक्ष विक्रम जाट, प्रदेश सचिव रणजीत लोट, पूर्व जिला संगठन महामंत्री महेंद्र शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष गोविंद शर्मा, पूर्व जिला महामंत्री प्रमोद सिंह तंवर एवं प्रवक्ता नवरतन जीनगर सहित कपासन विधानसभा क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
अनशनकारियों ने खेल मैदान की जमीन से संबंधित मांगों पर शीघ्र कार्रवाई एवं पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग दोहराई।