नीमच। युवा कांग्रेस का 66वां स्थापना दिवस रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय गांधी भवन में उत्साह एवं संगठनात्मक संकल्प के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण के साथ हुई। इसके बाद मन्नू बना एवं रणजीत सिंह बबली तंवर ने संगठन का ध्वज फहराया और वंदे मातरम् का सामूहिक गान किया गया।
कार्यक्रम के दौरान सामाजिक कार्यों को प्राथमिकता के साथ पूरा करने तथा समाज के लिए नासूर बनी विभिन्न कुरीतियों को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया गया।
जिला युवा कांग्रेस अध्यक्ष मनमोहन सिंह ‘मन्नू बना’ के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में युवा कांग्रेस की संगठन में भूमिका, युवाओं की सक्रिय भागीदारी और जनहित से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई। साथ ही आगामी कार्यक्रमों एवं संगठनात्मक गतिविधियों की रूपरेखा पर भी विचार-विमर्श हुआ।
वक्ताओं ने कहा कि युवा कांग्रेस संगठन की महत्वपूर्ण कड़ी है, जो युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाने के साथ समाज एवं जनहित से जुड़े मुद्दों पर सक्रिय भूमिका निभाती है। उन्होंने कहा कि युवाओं की ऊर्जा और सहभागिता को सकारात्मक दिशा देकर संगठन को जमीनी स्तर पर और मजबूत बनाया जा सकता है।
स्थापना दिवस के अवसर पर उपस्थित कार्यकर्ताओं ने संगठन को बूथ एवं जमीनी स्तर तक मजबूत करने तथा अधिक से अधिक युवाओं को संगठन से जोड़ने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेसजन, युवा कांग्रेस के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।