नीमच। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर नीमच विधानसभा के उत्तर मंडल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ ग्राम लेवड़ां स्थित शहीद स्मारक पर वीर शहीद मेघराज सैनी एवं मंगल सैनी को माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
इस अवसर पर शहीद परिवारों के सदस्यों का सम्मान किया गया। उपस्थित लोगों ने मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले वीर सपूतों के त्याग, साहस और बलिदान को नमन किया।
तिरंगा यात्रा ग्राम लेवड़ां से प्रारंभ होकर बिसलवास कला, बिसलवास खुर्द, खेरमालिया, दारू होते हुए दारूखेड़ा पहुंची, जहां यात्रा का समापन हुआ। यात्रा के दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने हाथों में तिरंगा लेकर देशभक्ति के नारों के साथ सहभागिता की। पूरे मार्ग में भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण देशभक्ति से ओतप्रोत रहा।
आयोजकों ने कहा कि तिरंगा देश के गौरव, शौर्य, त्याग और स्वाभिमान का प्रतीक है। तिरंगा यात्रा के माध्यम से वीर शहीदों के बलिदान को स्मरण करते हुए राष्ट्र की एकता, अखंडता और सम्मान के प्रति प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।