रामपुरा। मध्यप्रदेश उच्च न्यायालय द्वारा सितंबर माह में छात्रसंघ चुनाव कराने के निर्देश के बाद एनएसयूआई ने प्रत्यक्ष प्रणाली से चुनाव कराने की मांग तेज कर दी है। इसी क्रम में एनएसयूआई जिला अध्यक्ष सोमिल सोनी ने रामपुरा में प्रेस वार्ता आयोजित कर छात्रसंघ चुनाव को लेकर अपनी बात रखी।
वार्ता के दौरान सोमिल सोनी ने कहा कि छात्रसंघ लोकतंत्र की पहली पाठशाला है और प्रत्येक विद्यार्थी को अपने प्रतिनिधि चुनने का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि एनएसयूआई की मांग केवल छात्रसंघ चुनाव कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि चुनाव प्रत्यक्ष प्रणाली से कराए जाने की है।
उन्होंने कहा कि प्रत्यक्ष प्रणाली के माध्यम से प्रत्येक छात्र अपने मताधिकार का उपयोग कर सीधे अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, सचिव सहित अन्य पदाधिकारियों का चुनाव कर सकेगा। यह किसी राजनीतिक दल का मुद्दा नहीं, बल्कि प्रदेश के लाखों विद्यार्थियों के लोकतांत्रिक अधिकारों से जुड़ा विषय है।
सोनी ने कहा कि अब सभी की नजरें राज्य सरकार पर हैं कि उच्च न्यायालय के निर्देशों के अनुरूप छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना कब जारी की जाती है और चुनाव किस प्रणाली के तहत कराए जाते हैं।