चित्तौड़गढ़। जालोर जिले में मादक पदार्थों की तस्करी के मामले में पिछले एक साल से फरार चल रहे पांच हजार रुपये के इनामी बदमाश को कनेरा थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। इस आरोपी पर जालोर एसपी की ओर से इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस अधीक्षक मनीष त्रिपाठी ने बताया कि वांछित अपराधियों की तलाश और धरपकड़ के लिए जिले के सभी थानाधिकारियों को निर्देश दिए गए थे। इन्हीं निर्देशों के तहत एएसपी चित्तौड़गढ़ सरिता सिंह के मार्गदर्शन और डीएसपी निम्बाहेड़ा बद्रीलाल राव के सुपरविजन में कार्रवाई की गई।

थानाधिकारी कनेरा श्यामलाल (उप निरीक्षक) के निर्देशन पर एएसआई महेन्द्र कुमार, कांस्टेबल रामनिवास, सुनील और रेंवताराम को सर्कल क्षेत्र में रवाना किया गया। इसी दौरान कांस्टेबल सुनील को मुखबिर से सूचना मिली कि जालोर जिले के सांचोर थाने में एनडीपीएस एक्ट के मामले में वांछित पांच हजार रुपये का इनामी आरोपी ईश्वरगिरी बस स्टैंड कनेरा पर मौजूद है।

सूचना पर पुलिस टीम ने बस स्टैंड कनेरा पर दबिश देकर 24 वर्षीय ईश्वरगिरी पुत्र गोतमगिरी गोस्वामी, निवासी कनेरा (थाना कनेरा, जिला चित्तौड़गढ़) को डिटेन कर थाने लाया। प्रकरण के अनुसंधान अधिकारी, थानाधिकारी चितलवाना जिला जालोर को पृथक से सूचना दे दी गई है। इस कार्रवाई में कांस्टेबल रामनिवास और सुनील की विशेष भूमिका रही।
