नीमच। शहर के सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम रेवली-देवली में हायर सेकेंडरी स्कूल में गुरुवार को स्कूली छात्रों का आपसी विवाद ने तब बड़ा रूप ले लिया जब स्कूल में ही छात्रों के बीच हुई कहासुनी हाथापाई और मारपीट हो गई। इस दौरान एक छात्र के सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल छात्र का उपचार कराने के बाद परिजन जब सिटी थाने पहुँचे और रिपोर्ट लिखवाने का प्रयास किया तो कथित तौर पर पुलिस ने मामला दर्ज करने से इनकार कर दिया। इससे परिजनों और ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और देखते ही देखते विवाद सड़क पर पहुँच गया।
गुरुवार दोपहर ग्रामीणों और घायल छात्र के परिजनों ने नीमच-झालावाड़ मुख्य मार्ग पर रेवली-देवली गांव में स्कूल के साथ चक्काजाम कर दिया। बड़ी संख्या में लोग सड़क पर उतर आए और जमकर नारेबाजी करने लगे। अचानक हुए इस प्रदर्शन से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ। दोनों ओर से वाहनों की करीब एक किलोमीटर लंबी कतारें लग गईं। राहगीर और यात्री भी जाम में फंसे रहे।
स्थिति की जानकारी मिलते ही प्रशासन और पुलिस महकमा सक्रिय हो गया। नीमच सिटी थाना प्रभारी विकास पटेल के नेतृत्व में भारी पुलिस बल मौके पर तैनात किया गया। अधिकारियों ने भीड़ को समझाने और जाम खुलवाने के प्रयास शुरू किए। प्रशासन की समझाइश और उचित कार्यवाही के बाद ग्रामीणों ने चक्का जाम समाप्त किया। बताया जा रहा है कि इस मामले में छात्रा को विद्यालय से निष्काशित करने और प्राचार्य को स्थांतरित करने पर सहमति बनी।