देवरी खवासा। विजयादशमी पर्व पर जहां पूरे क्षेत्र में रावण दहन का उत्सव धूमधाम से मनाया जा रहा था, वहीं देवरी खवासा गांव में एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। गांव के लोकेश चंद सोनी पिता जगदीश सोनी के घर में उस समय भीषण आग लग गई जब परिवारजन रावण दहन देखने गए थे।

घर लौटने पर परिवार ने देखा कि पूरा मकान धुएं और राख में तब्दील हो चुका है। फ्रिज, कूलर, पंखे सहित घरेलू सामान आग की भेंट चढ़ गया। घटना में करीब ढाई से तीन लाख रुपए के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। अचानक लगी आग से परिवार के हालात देखकर ग्रामीणों की आंखें भी नम हो गईं।

ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन का अमला मौके पर पहुंचा। फिलहाल आग लगने के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं।

इस घटना ने विजयादशमी की खुशियां मातम में बदल दीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक मदद और मुआवजा प्रदान करने की मांग की है।