मंदसौर। जिले के मालिया डिगांव गांव में रविवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब रहवासी इलाके में लगभग 9 फीट लंबा विशालकाय सांप दिखाई दिया। अचानक इतने बड़े आकार के सांप को देखकर ग्रामीणों में भय और जिज्ञासा का माहौल बन गया। लोग अपने घरों से बाहर निकल आए और दूर से सांप को देखने लगे। ग्रामीणों ने तत्काल सर्प मित्र कमल दास बैरागी को सूचना दी, जो क्षेत्र में लंबे समय से वन्यजीव और सर्प संरक्षण कार्यों से जुड़े हुए हैं। सूचना मिलते ही कमल दास अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अत्यंत सावधानी से सांप का सफलतापूर्वक रेस्क्यू किया। पूरे अभियान के दौरान उन्होंने ग्रामीणों से दूरी बनाए रखने की अपील की, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो।
करीब आधे घंटे के प्रयास के बाद सांप को सुरक्षित रूप से पकड़ लिया गया। इसके बाद कमल दास बैरागी ने उसे ग्रामीण क्षेत्र से दूर जंगल में छोड़ दिया, जिससे वह अपने प्राकृतिक आवास में लौट सके।
घटना के बाद ग्रामीणों ने राहत की सांस ली और सर्प मित्र के इस साहसिक कार्य की सराहना की। लोगों ने कहा कि कमल दास जैसे लोग समाज में जागरूकता फैलाकर सांपों को मारने की बजाय उन्हें सुरक्षित बचाने का संदेश दे रहे हैं।
कमल दास बैरागी ने बताया कि सांप हमारे पर्यावरण का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। वे खेतों में चूहों जैसे कीटों को नियंत्रित करते हैं, जिससे किसानों को अप्रत्यक्ष रूप से फायदा होता है। ऐसे में हमें उनसे डरने की बजाय उनके प्रति संवेदनशील होना चाहिए। स्थानीय प्रशासन और ग्रामीणों ने भी सर्प मित्र की तत्परता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति समर्पण की प्रशंसा की।