नीमच। मॉर्निंग क्लब इंदिरा नगर द्वारा गठित माँ शीतला माताजी दशहरा उत्सव समिति की ओर से गैस गोदाम खेल मैदान में आयोजित भव्य दशहरा मेला एवं रावण दहन कार्यक्रम ऐतिहासिक रूप से सफल रहा। पहली बार आयोजित इस उत्सव में शाम होते-होते 6 हजार से अधिक श्रद्धालु पहुंचे। मैदान जनसैलाब से खचाखच भर गया।
कार्यक्रम में उत्साहवर्धन हेतु विधायक दिलीप सिंह परिहार, जिला पंचायत अध्यक्ष सज्जनसिंह चौहान (भाईजी), नगर पालिका अध्यक्ष स्वाति चौपड़ा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष तरुण बाहेती, नपाध्यक्ष प्रतिनिधि संतोष चौपड़ा व अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत समिति के ओम दीवान, विजय सिंह चौहान, मुकेश पोरवाल, जुगल कंडारा, शौकीन पामेचा आदि ने ओढ़ना व बैंच लगाकर किया।
अतिथियों ने श्रीराम-जानकी-हनुमान की तस्वीर पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। इसके बाद रंगारंग स्वांग प्रतियोगिता आयोजित हुई, जिसमें सीनियर और जूनियर वर्ग में प्रतिभागियों ने अद्भुत प्रस्तुतियां दीं। निर्णायक मंडल में मीना मनावत, पूर्वा बाहेती, शोभा जैन, अर्चना तिवारी व वंदना जैन शामिल थीं।
विजेताओं का सम्मान
जूनियर वर्ग में प्रथम पुरस्कार हनुमान का स्वांग करने वाले रुद्राक्ष शर्मा को मिला। द्वितीय पुरस्कार महाराणा प्रताप के रूप में दक्ष सिंह को और तृतीय पुरस्कार राम-सीता का स्वांग करने वाले नंदनी पाल एवं दक्ष सिंघवा को प्रदान किया गया।
उत्साह और श्रद्धा का संगम
कार्यक्रम में भगवान श्रीराम, जानकी और हनुमान जी की शोभायात्रा शिव चौक मंदिर से निकाली गई, जो बैंड-बाजों के साथ प्रमुख मार्गों से होती हुई मेले स्थल पहुंची। मेले में स्वांगधारियों के साथ कालका माता, काल भैरव, लाल भैरव, नील भैरव की परिक्रमा विशेष आकर्षण रही। अंत में रावण दहन किया गया, जो आतिशबाजी के साथ कुछ ही मिनटों में जलकर भस्म हो गया।
घोषणाएं और संचालन
विधायक दिलीपसिंह परिहार ने पंचमुखी बालाजी मंदिर की छत हेतु 1.5 लाख रुपए और मॉर्निंग क्लब को 21 हजार रुपए देने की घोषणा की।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन मॉर्निंग क्लब सदस्य एवं पत्रकार मनीष चांदना ने किया, जिनके संचालन की सभी ने सराहना की।
बेहतर प्रबंधन और व्यवस्था
मॉर्निंग क्लब के सदस्य विजय सिंह चौहान, ओम दीवान, मुकेश पोरवाल, निलेश जोशी, जयप्रकाश दलवी, शौकीन पामेचा, जीवनलाल सिंघवा, जुगल कंडारा, योगेश कंडारा, कमल चौधरी, दिनेश पटेल सहित टीम ने पूरे आयोजन की व्यवस्थाएं संभालीं। बच्चों और बड़ों के लिए खाने-पीने की दुकानें, झूले और चकरी भी लगाए गए, जिनका सभी ने आनंद लिया।
सराहनीय रही पुलिस व्यवस्था
पुलिस प्रशासन कार्यक्रम को लेकर पूरी तरह मुस्तैद रहा। सीएसपी मैडम व टीआई ने रविवार को स्थल का निरीक्षण कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। शाम को कार्यक्रम के दौरान पुलिस बल ने सतर्कता के साथ व्यवस्था संभाली, जिससे पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
मॉर्निंग क्लब ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर पालिका, पत्रकारगणों और सहयोगी नागरिकों का आभार व्यक्त किया।