मनासा। नगर परिषद मनासा द्वारा आयोजित सात दिवसीय दशहरा मैदान मेले में मंगलवार की रात रंगारंग कार्यक्रमों के दौरान भारी भीड़ उमड़ी। प्रसिद्ध टीवी शो ‘तारक मेहता का उल्टा चश्मा’ के कलाकार कुश शाह (उर्फ गोली) ने मंच पर आकर दर्शकों को खूब मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुति के दौरान पूरा मैदान तालियों और उत्साह से गूंज उठा। बच्चों ने गोली के साथ सेल्फी लेने के लिए भी भीड़ लगा दी।
कार्यक्रम की शुरुआत में प्रेस क्लब मनासा के सभी पत्रकारों का नगर परिषद अध्यक्ष श्रीमती सीमा अजय तिवारी की उपस्थिति में सम्मान किया गया। इस अवसर पर प्रेस क्लब अध्यक्ष रामधन विजयवर्गीय और पूर्व अध्यक्ष संजय व्यास ने मंच से आमजन को संबोधित किया।
इसके बाद देर रात तक डांस और देशभक्ति गीतों पर रंगारंग प्रस्तुतियां हुईं, जिनका दर्शकों ने भरपूर आनंद लिया। जब गोली ने मंच पर एंट्री ली और ग्रुप के साथ गरबा डांस किया, तो माहौल पूरी तरह उत्साहपूर्ण हो गया।
कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष के अलावा पत्रकारगण, पुलिस प्रशासन और सुरक्षा कर्मी मौजूद रहे। इस बीच, मेले के दौरान कुछ शरारती तत्वों ने उत्पात मचाने की कोशिश की, जिन्हें थाना प्रभारी और पुलिस टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए हिरासत में लेकर थाने भेज दिया।