भगवानपुरा। नगर स्थित शासकीय महाविद्यालय भगवानपुरा में दो दिवसीय महाविद्यालय स्तरीय युवा उत्सव का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रकाश सोलंकी ने किया। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि “युवा उत्सव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है। यह मंच विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक, संगीत, साहित्यिक और रंगमंचीय प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है।”
कार्यक्रम संयोजक डॉ. अनिता चौहान ने दो दिवसीय आयोजन की रूपरेखा प्रस्तुत की और विभिन्न प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। पहले दिन स्पॉट पेंटिंग, क्ले मॉडलिंग, कोलाज, रंगोली, पोस्टर निर्माण, प्रश्न मंच, तात्कालिक भाषण और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं हुईं, जबकि दूसरे दिन गायन, नृत्य, शास्त्रीय वादन, एकांकी, स्किट और मिमिक्री जैसी प्रस्तुतियां होंगी।
प्रतियोगिताओं में रंगोली में प्रथम स्थान गायत्री बड़ोले, द्वितीय झिनली जाधव, पोस्टर निर्माण में प्रथम शिवानी डावर, द्वितीय गायत्री बड़ोले, और स्पॉट पेंटिंग में प्रथम रुचिता शर्मा रहीं।
कार्यक्रम में डॉ. रजनी सोलंकी, डॉ. सेवक चौहान, डॉ. रोहित पाटीदार, डॉ. मनीष चौहान सहित कॉलेज स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. विवेक दुबे ने किया और जानकारी मीडिया प्रभारी डॉ. दिनेश गाठे द्वारा दी गई।