कुकड़ेश्वर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ खंड कुकड़ेश्वर के अंतर्गत मंडल भमेसर में विजयदशमी पर्व एवं संघ स्थापना दिवस के अवसर पर, संघ शताब्दी वर्ष की तैयारियों के तहत एक भव्य पद संचलन का आयोजन किया गया।
संचलन में सैकड़ों स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में अनुशासित पंक्तियों में कदमताल करते हुए शामिल हुए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि के रूप में खंड कुकड़ेश्वर संघ चालक श्री सुरेश जी, वरिष्ठ स्वयंसेवक पृथ्वीराज राठौड़ (1992 कारसेवक, मनासा तहसील भमेसर) एवं राजेश शर्मा (सामाजिक समरसता जिला सह-संयोजक) उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ अमृत वचन, सुभाषित और एकल गीत के साथ हुआ। इसके पश्चात रजनीश शर्मा ने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा संघ केवल संगठन नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण की सशक्त शक्ति है। संघ का उद्देश्य व्यक्ति निर्माण के माध्यम से संगठित, संस्कारित और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण करना है।
पद संचलन के दौरान ग्रामवासियों ने पुष्पवर्षा कर स्वयंसेवकों का स्वागत किया। अंत में राष्ट्रगीत के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।