मंदसौर। जिले के ग्राम अरनिया निजामुद्दीन में गुरुवार सुबह एक मकान में शॉर्ट सर्किट के कारण भीषण आग लग गई। आग की चपेट में घर के बाहर खड़ी मारुति इको कार पूरी तरह जल गई। आग से लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। यह घर मोहम्मद रज्जाक शेख का बताया गया है।

सूचना मिलने पर दमकल विभाग की टीम और ग्रामीण मौके पर पहुंचे और सभी की मदद से आग पर काबू पाया गया। आग से घर में रखे लगभग 20 हजार रुपये नकद, बिस्तर और सोयाबीन की फसल भी जल गई। आग बुझाने के दौरान सादिक पुत्र मोहम्मद हुसैन शेख के दोनों हाथ झुलस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों ने अस्पताल पहुंचाया।

प्रारंभिक आकलन के अनुसार, इस अग्निकांड में करीब 10 से 12 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। नई आबादी थाने की पुलिस ने मौके पर पंचनामा बनाकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
