चित्तौड़गढ़। ब्रह्माकुमारी प्रताप नगर सेवा केंद्र पर एक विशेष आध्यात्मिक समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें माउंट आबू के पांडव भवन से पधारे राजयोगी भ्राता गोविंद भाई को ईश्वरीय सेवा में उनके 50 वर्षों की अनवरत व निस्वार्थ सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर राजयोगिनी आशा दीदी ने उन्हें शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवाभाव, समर्पण एवं आध्यात्मिक अनुशासन की सराहना की। आशा दीदी ने कहा कि भ्राता गोविंद भाई जी ने पिछले पांच दशकों में हजारों आत्माओं को राजयोग की शिक्षा दी, जीवन में सकारात्मक परिवर्तन लाने हेतु प्रेरित किया और परमात्मा के सच्चे सन्देश को जन-जन तक पहुंचाया।
समारोह के दौरान गोविंद भाई को ऊपरना व साफा पहनाकर, ईश्वरीय स्नेह एवं सम्मान के साथ सम्मानित किया गया। इस स्नेहिल आयोजन में सेवा केंद्र के सभी भाई-बहनों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, उन्हें बधाइयाँ दीं तथा उनके योगदान के लिए हार्दिक आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य व दीर्घायु की कामना करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सेवा पथ पर अग्रसर रहने की शुभकामनाएं दीं।