नीमच। प्रजापति (कुम्हार) समाज के सदस्यों ने दीपावली के अवसर पर टैगोर मार्ग पर दीये, मिट्टी के खिलौने और अन्य सामग्री की अस्थाई दुकानों की अनुमति के लिए कलेक्टर को आवेदन भेजा है। समाज के सदस्यों ने निवेदन में बताया कि वे हर वर्ष फव्वारा चौक से विजय टॉकीज चौराहा तक सड़क किनारे अपनी दुकाने लगाते हैं। पूरे वर्ष मेहनत कर तैयार की गई सामग्री दीपावली के समय ही बिक्री के लिए उपलब्ध होती है।
उन्होंने बताया कि पिछले वर्ष उन्हें दशहरा मैदान में दुकानें लगाने का स्थान दिया गया था, जिससे उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ और उनकी सामग्री नहीं बिकी। इस कारण समाज ने इस वर्ष पूर्व की तरह टैगोर मार्ग पर दुकानों की अनुमति देने की अपील की है। समाज ने आश्वासन दिया कि वे शासन के नियमों का पालन करेंगे और किसी प्रकार की यातायात बाधा नहीं उत्पन्न होगी। समाज ने कलेक्टर से निवेदन किया है कि उन्हें दीपावली के अवसर पर दुकाने लगाने की अनुमति प्रदान की जाए।