मंदसौर। करणी सेना परिवार द्वारा उज्जैन के महाकालेश्वर मंदिर से राजस्थान के सांवरिया सेठ मंदिर, मंडफिया तक 280 किलोमीटर लंबी भव्य पदयात्रा का शुभारंभ किया गया। इस पदयात्रा का उद्देश्य धार्मिक आस्था, सामाजिक एकता और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना को सशक्त करना है।
यह यात्रा करणी सेना परिवार के नेतृत्व में दीपराज बना उमरिया के मार्गदर्शन और टीम जीवन सिंह शेरपुर के सहयोग से निकाली जा रही है। यात्रा समाज में एकता, संगठन और सांस्कृतिक परंपराओं के संरक्षण का प्रतीक मानी जा रही है।
पदयात्रा में बड़ी संख्या में युवा और श्रद्धालु शामिल हैं, जो “जय महाकाल” और “जय सांवरिया सेठ” के जयकारों के साथ आगे बढ़ रहे हैं। यात्रा जब पिपलियामंडी चौपाटी पहुंची, तो करणी सेना नगर अध्यक्ष लोकेन्द्र सिंह सोनगरा के नेतृत्व में पुष्पवर्षा कर यात्रियों का जोरदार स्वागत किया गया।
आयोजकों ने बताया कि यात्रा पूर्ण अनुशासन, धार्मिक मर्यादा और शालीनता के साथ आगे बढ़ रही है। करणी सेना परिवार का कहना है कि यह पदयात्रा सामाजिक एकता को सुदृढ़ करने के साथ-साथ युवाओं में धर्म, संस्कृति और राष्ट्रप्रेम की चेतना जागृत करेगी।
यह पदयात्रा आगामी 21 दिसंबर को प्रस्तावित “जन क्रांति न्याय आंदोलन” के लिए जनजागरण और संकल्प का प्रतीक भी है।