नीमच। सेवा के अंतरराष्ट्रीय मंच पर समर्पित संस्था इनरव्हील क्लब नीमच ने इस दीपावली को मानवता और सहयोग की मिसाल बनाते हुए जरूरतमंद परिवारों के साथ खुशियां साझा कीं। क्लब ने अपने सेवा प्रकल्पों की श्रृंखला के तहत अंबेडकर कॉलोनी (किलेश्वर रोड, मंडी गेट के सामने) में सामग्री वितरण कार्यक्रम आयोजित किया।
क्लब की पूर्व अध्यक्ष डॉ. माधुरी चौरसिया ने बताया कि इस अवसर पर सैकड़ों जोड़ी कपड़े, 50 जोड़ी जूते और स्वल्पाहार का वितरण किया गया, जिससे कई परिवारों को त्योहार मनाने में मदद मिली। क्लब अध्यक्ष अमरजीत कौर छाबड़ा ने कहा कि “सेवा से मिलने वाली आत्मसंतुष्टि ही सच्ची दीपावली का आनंद है। जरूरतमंदों के साथ खुशियां बांटकर ही त्योहार का वास्तविक अर्थ पूरा होता है।” उन्होंने बताया कि क्लब भविष्य में भी ऐसे सेवा कार्यों को निरंतर जारी रखेगा।
इस अवसर पर पूर्व अध्यक्ष सरोज गांधी, हेमांगिनी त्रिवेदी, मंजुला शर्मा, सिम्मी सलूजा, शारदा तौर, सीमा अरोड़ा, संगीता अग्रवाल, कुसुम कदम, सुमन अहीर, माधवी यादव और मधु दुआ सहित अन्य सदस्याएं उपस्थित रहीं और सेवा कार्य में सहयोग दिया। इनरव्हील क्लब नीमच की यह पहल यह संदेश देती है कि सच्ची खुशी बांटने और वंचितों के जीवन में उजाला लाने में ही निहित है।