नीमच। भारत विकास परिषद सुभाष शाखा के ‘संस्कार’ प्रकल्प के तहत ओसियन इंटरनेशनल स्कूल, सरवानिया महाराज में भव्य दीपावली मेले का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पारंपरिक भारतीय संस्कृति, कला, साहित्य और संगीत से सजी एक अद्भुत संध्या का आयोजन हुआ, जहां परंपरा और आधुनिकता का सुंदर संगम देखने को मिला।
देशभक्ति और संस्कृति से ओतप्रोत प्रस्तुतियाँ-
स्कूल के विद्यार्थियों ने भारतीय परिधानों में देशभक्ति गीत, नृत्य, नाटिका एवं राष्ट्रीय गीतों की शानदार प्रस्तुतियाँ दीं। कार्यक्रम में भजन सम्राट पंकज तिवारी द्वारा प्रस्तुत भजनों ने सभी का मन मोह लिया।
स्वच्छता और पर्यावरण का संदेश-
परिषद अध्यक्ष ललित राठी ने अपने उद्बोधन में कहा कि हर व्यक्ति के जीवन में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण और आध्यात्मिक सुधार का भाव जागृत होना चाहिए। उन्होंने बताया कि परिषद द्वारा स्वच्छता एवं पर्यावरण स्लोगन, पोस्टर और चित्रकला प्रतियोगिताओं के माध्यम से जन-जागरण का कार्य किया जा रहा है, ताकि स्वच्छ भारत के सपने को साकार किया जा सके।
भारतीय संस्कृति से परिचय और संकल्प-
कार्यक्रम के दौरान बच्चों और युवाओं को भारतीय संस्कृति एवं विरासत से अवगत कराते हुए रामराज्य की परिकल्पना को साकार करने का संकल्प दिलाया गया। साथ ही, यह संदेश हर घर, गांव और शहर तक पहुंचाने का आह्वान भी किया गया।
उत्सव की रौनक और व्यवस्थाएँ-
स्कूल परिसर को दीपों, रिमझिम लाइट और आकर्षक सजावट से सजाया गया था। विद्यालय के संचालक एवं कार्यक्रम के सूत्रधार उमेश शर्मा और उनकी टीम ने मेले में सुंदर व्यवस्था की। बच्चों के लिए खान-पान की स्टॉलें लगाई गईं, जिनका सभी ने भरपूर आनंद लिया।
लक्ष्मी-गणेश की आराधना और आतिशबाजी-
दीपोत्सव के शुभ अवसर पर सुभाष शाखा के सदस्यों ने मां लक्ष्मी और भगवान श्री गणेश की आराधना कर दीप जलाए और आतिशबाजी कर हर्षोल्लास से दीपावली मनाई।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से उपस्थित-
अध्यक्ष ललित कुमार राठी, सचिव मनीष गर्ग, कोषाध्यक्ष राकेश खंडेलवाल, अशोक सोनी, दीपक बाहेती, निर्मल दरक, हरीश शर्मा, सुरेश शर्मा, उमेश शर्मा, राहुल शर्मा, राजेंद्र शर्मा, ज्योति बाहेती, शारदा शर्मा एवं शोभा शर्मा सहित अनेक सदस्य उपस्थित रहे।