मंदसौर। मध्य प्रदेश राज्य निर्वाचन आयोग, भोपाल द्वारा नगरपालिकाओं और पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2025 के लिए सेवानिवृत्त आईएएस अधिकारी कृष्ण मोहन गौतम को प्रेक्षक नियुक्त किया गया है। अपने मंदसौर प्रवास के दौरान प्रेक्षक गौतम ने मतदाता सूची से जुड़ी दावे और आपत्तियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों से जानकारी ली कि नए मतदाताओं के नाम जोड़े जा रहे हैं या नहीं, तथा मृत अथवा अन्य स्थान पर स्थानांतरित मतदाताओं के नाम हटाए जा रहे हैं या नहीं।
कई निकायों का किया मैदानी निरीक्षण-
प्रेक्षक गौतम ने नगरी, सीतामऊ और मंदसौर नगरपालिकाओं के साथ-साथ पिपल्या मंडी, नारायणगढ़, मल्हारगढ़, भैंसोंदा, भानपुरा, गरोठ, शामगढ़ और सुवासरा नगर परिषदों का भी मैदानी निरीक्षण किया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची पूरी तरह पारदर्शी, अद्यतन और त्रुटिरहित होनी चाहिए, ताकि हर पात्र मतदाता का नाम सूची में सम्मिलित हो सके।
विद्यालयों में निर्वाचन कार्यों का भी किया निरीक्षण-
अपने दौरे के दौरान गौतम ने कमला नेहरू विद्यालय और नूतन विद्यालय में चल रहे निर्वाचन संबंधी कार्यों का भी जायजा लिया। उन्होंने मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं, रजिस्टरों के रखरखाव तथा कर्मचारियों के प्रशिक्षण की तैयारियों का निरीक्षण किया।
प्रेक्षक गौतम ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया लोकतंत्र की आत्मा है, इसलिए इसमें पारदर्शिता, ईमानदारी और समयबद्धता अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मतदाता सूची से संबंधित कार्य समय-सीमा के भीतर, सावधानीपूर्वक और जनता की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पूरे किए जाएं, ताकि किसी को असुविधा न हो।