नीमच। दीपावली पर्व की तैयारियों के बीच नीमच में इस बार भी पारंपरिक पटाखा बाजार पूरे उत्साह और रौनक के साथ सज गया है। शहर के वार्ड क्रमांक 2 स्थित शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय परिसर में शुक्रवार से ही ग्राहकों की भीड़ उमड़ने लगी। चारों ओर दीपावली का उल्लास और रंगत देखने को मिल रही है।
जिला प्रशासन और नगर पालिका द्वारा हर वर्ष की तरह इस बार भी लाइसेंसधारी पटाखा व्यापारियों को दुकानों की अनुमति दी गई है। नगर पालिका नीमच द्वारा कुल 107 फुटकर पटाखा विक्रेताओं को दुकानें आवंटित की गई हैं। व्यापारी शासन के दिशा-निर्देशों और सुरक्षा मानकों का पालन करते हुए पटाखों की बिक्री कर रहे हैं।
पटाखा बाजार में नगर पालिका ने दुकानों की व्यवस्था तीन पंक्तियों में की है। प्रत्येक दुकान के बीच पर्याप्त दूरी रखी गई है ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति से सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। सुरक्षा की दृष्टि से नगरपालिका ने फायर ब्रिगेड, पानी के टैंकर और अन्य आवश्यक इंतजाम मौके पर किए हैं। साथ ही व्यापारियों ने भी अपनी दुकानों पर अग्निशमन यंत्र और सुरक्षा उपकरण रखे हैं।
इस वर्ष भी पटाखा बाजार में फुलझड़ी, अनार, चकरी, स्काई शॉट, गंगा-जमना, रॉकेट, मोजिटो, तड़तड़, पेंसिल सहित अनेक देसी और फैंसी पटाखे ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। बच्चों में विशेष रूप से रंग-बिरंगे फैंसी पटाखों को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है।
जिला प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे पटाखों का उपयोग सावधानीपूर्वक करें, ताकि दीपावली का यह पर्व उत्साह और पर्यावरण संरक्षण दोनों के साथ मनाया जा सके।
पटाखा बाजार के साथ ही शहर के अन्य बाजारों में भी दीपावली की तैयारियाँ जोरों पर हैं। मिठाई, सजावटी सामान और उपहार की दुकानों पर भी ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। हर गली-मोहल्ले में दीपोत्सव की झलक साफ दिखाई दे रही है। पटाखा बिक्री के लिए अनुमति 23 अक्टूबर तक जारी रहेगी।