नीमच। निस्वार्थ भाव से सेवा, शिक्षा, सहयोग और संस्कार प्रदान करने वाली शहर की प्रतिष्ठित संस्था चाइल्ड रिलिफ मिशन फाउंडेशन ने इस वर्ष दीपावली का पर्व जरूरतमंद और वंचित बच्चों के साथ मनाकर मानवता का सुंदर उदाहरण प्रस्तुत किया।
संस्था द्वारा इंदिरा नगर स्थित आश्रय शिशु गृह तथा बरुखेड़ा रोड स्थित सांवरिया कॉलोनी की झुग्गी बस्तियों में जाकर निर्धन, निराश्रित एवं बेसहारा बच्चों के साथ दीपावली का उत्सव मनाया गया।
संस्था के अध्यक्ष प्रो. अनूप चौधरी ने बताया कि यह आयोजन संस्था के संरक्षक एवं समाज विज्ञान तथा समाज कार्य विभाग के अध्यक्ष डॉ. संजय जोशी के मार्गदर्शन और गरिमामयी उपस्थिति में सम्पन्न हुआ। इस दौरान डॉ. जोशी ने बच्चों और उनके अभिभावकों को स्वच्छता, शिक्षा और स्वास्थ्य के महत्व से अवगत कराया।
उन्होंने कहा कि “वंचितों, अनाथों और बेसहारा बच्चों के साथ त्योहार मनाना वास्तव में आत्मिक आनंद का अनुभव कराता है। समाज के प्रत्येक व्यक्ति को इस दिशा में योगदान देना चाहिए।”
कार्यक्रम के दौरान संस्था द्वारा बच्चों को मिठाइयाँ, फुलझड़ी, पटाखे और उपहार वितरित किए गए।
इस अवसर पर संस्था के उपाध्यक्ष किशोर बागड़ी, गुर्जर गौड़ ब्राह्मण महिला मंडल अध्यक्ष अर्चना जोशी, सदस्य डॉ. स्नेहा अग्रवाल (एमबीबीएस), सीए तन्मय अग्रवाल, एमबीए दीपक अग्रवाल, पूजा मिश्रा, प्रीति बाला, निर्मल नक्श चौधरी, प्रभव बागड़ी, वृशिका चौधरी एवं रवि सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।