नीमच। पोरवाल समाज समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक होटल देवालय में समाज अध्यक्ष शांतिलाल गुप्ता की अध्यक्षता में संपन्न हुई। बैठक में सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। निर्णय अनुसार, समाज का वार्षिक दीपावली मिलन समारोह इस वर्ष 26 अक्टूबर को धूमधाम से अग्रोहा भवन (गोमाबाई के सामने) में आयोजित किया जाएगा।
समारोह के अंतर्गत महिलाओं के लिए रंगोली प्रतियोगिता, बच्चों के लिए खेलकूद, तथा 20 वर्ष से अधिक आयु वर्ग के लिए विभिन्न मनोरंजक कार्यक्रम रखे गए हैं।
पोरवाल महिला मंडल द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा, जबकि पूर्व युवा संगठन द्वारा कपल गेम्स रखे जाएंगे। प्रत्येक प्रतियोगिता के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय विजेताओं को आकर्षक उपहार प्रदान किए जाएंगे।
कार्यक्रम में मां आरती की बोली लगाई जाएगी, और सर्वाधिक बोली लगाने वाले श्रद्धालु आरती करेंगे, जिसके बाद समाजजन प्रसाद ग्रहण करेंगे। सभी कार्यक्रम निर्धारित समय पर प्रारंभ किए जाएंगे तथा महा आरती के साथ समापन होगा।
इस अवसर पर अखिल भारतीय पोरवाल महासभा के संरक्षक बशीलाल धनोतिया, राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पोरवाल, जिला अध्यक्ष प्रकाश मंडवारिया, सचिव प्रेमनारायण गुप्ता (इंजीनियर), कोषाध्यक्ष कालूराम वैद, अरविंद पोरवाल सावनवाला, महेश पोरवाल, रामविलास वैद, सोमेश गुप्ता (इंजीनियर), दिनेश पोरवाल, गोविंद धनोतिया (एलआईसी), संतोष उदिया, रामप्रसाद धनोतिया, कमल धनोतिया, राजेश मरचया, दिनेश गुप्ता, नरेंद्र पोरवाल सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।