नीमच। प्रकाश पर्व दीपावली के पावन अवसर पर रविवार को नीमच का मुख्य बाजार रंग-बिरंगी फूल-मालाओं से महक उठा। शहर के पारंपरिक बाजार फव्वारा चौक, घंटाघर से लेकर कमल चौक तक हर गली और नुक्कड़ पर फूलों की सैकड़ों दुकानें सज गईं, जहाँ सुबह से ही खरीदारों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
त्योहारी माहौल में लोगों ने कृत्रिम सजावट को दरकिनार करते हुए प्राकृतिक फूलों को प्राथमिकता दी है, जिससे पारंपरिक फूल व्यवसाय में नई रौनक लौट आई है। दुकानों पर विशेष रूप से गेंदे और गुलाब की मालाओं की मांग सबसे अधिक रही। लोग अपने घरों, पूजा स्थलों और वाहनों को सजाने के लिए ताज़े फूल खरीदने में जुटे रहे।
फूलों की इस बढ़ती मांग को देखते हुए ग्रामीण क्षेत्रों और आसपास के इलाकों से टन के हिसाब से फूल नीमच के बाजारों में लाए गए हैं। दुकानों पर छोटे-बड़े हर आकार और डिज़ाइन की मालाएँ उपलब्ध हैं, जिनकी कीमतें 20 से 200 तक बताई जा रही हैं।
एक स्थानीय फूल विक्रेता ने बताया कि इस साल लोगों में प्राकृतिक फूलों का जबरदस्त क्रेज देखने को मिल रहा है। कृत्रिम मालाओं की तुलना में देसी और ताज़े गेंदे की मालाओं की बिक्री रिकॉर्ड स्तर पर पहुँच गई है। लोग न केवल पूजा के लिए बल्कि अपने वाहनों की सजावट के लिए भी फूलों की खरीदारी कर रहे हैं। फूलों की यह महकती रौनक स्पष्ट संकेत दे रही है कि दीपावली का उत्साह नीमच के हर घर, हर गली और हर दिल में उल्लास के साथ मनाया जा रहा है।