नीमच। दीपों के पर्व दीपावली की रात रोशनी और उत्सव के बीच शहर में दो भीषण आगजनी की घटनाओं ने खुशियों को तनाव में बदल दिया। अलग-अलग इलाकों में लगी आग ने जहां लाखों रुपए की संपत्ति को राख में बदल दिया, वहीं फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई से बड़ी जनहानि टल गई।

पहली घटना पिपली चौक स्थित मोची मोहल्ला बाजार की है, जहां सोफा कुशन मटेरियल के गोदाम में देर रात अचानक आग भड़क उठी। आग की लपटें इतनी विकराल थीं कि कुछ ही मिनटों में गोदाम में रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक भारी आर्थिक नुकसान हो चुका था।

दूसरी घटना तिलक मार्ग बारादरी के सामने, बड़े बालाजी मंदिर के पास स्थित आदिनाथ वस्त्रालय में घटी। देर रात दुकान से उठता धुआं देखकर आसपास के लोगों ने तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर नियंत्रण पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

दोनों घटनाओं के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि किसी भी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। प्रारंभिक जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने का संभावित कारण माना जा रहा है। प्रशासन ने घटनाओं की जांच शुरू कर दी है।
